माउंट आबू नक्की झील फायरिंग केस का खुलासा, मुख्य आरोपी राहुल गाजियाबाद से गिरफ्तार
सिरोही (राजस्थान)। माउंट आबू नक्की झील स्थित गांधी वाटिका में 19 अगस्त को हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने फायरिंग की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी राहुल (30) को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मोहनलाल भील को निशाना बनाने की साजिश
पुलिस के अनुसार आपसी रंजिश के चलते राहुल ने मनोज पुत्र मोहनलाल भील को निशाना बनाने की साजिश रची थी। राहुल ने लोकेश पुत्र शांतिलाल मीणा को अपने साथ मिलाकर उसे देशी पिस्टल और कारतूस उपलब्ध करवाए तथा मनोज की पहचान की। इसके बाद 19 अगस्त को लोकेश ने नक्की झील पर मनोज पर फायर कर दिया। गोली मनोज के पीठ के निचले हिस्से में लगी थी।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कथित शूटर को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी राहुल गाजियाबाद फरार हो गया और वहां से सोशल मीडिया के जरिए लोगों को धमकाने लगा। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे करीब एक सप्ताह के भीतर गाजियाबाद से दबोच लिया। वहीं, पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही कथित शूटर लोकेश को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया था।
कार्रवाई में योगदान
मामले में थाना आबूपर्वत में मुकदमा संख्या 96/2026 धारा 109(1) BNS एवं 3/25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ के निर्देशन में थानाधिकारी आबूपर्वत दलपत सिंह राठौड़ और पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में साइबर सेल सिरोही के रमेश कुमार का विशेष योगदान रहा।
यह भी पढ़ें: मथुरा में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, निजी अस्पताल और बंगाली क्लीनिक सील