21.05 करोड़ रुपये साइबर फ्रॉड मामले में भाजपा जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार से हो रही पूछताछ
शाजापुर: मध्य प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी ऑनलाइन ठगी के मामले के तार शाजापुर से जुड़े हैं। यहां बीती रात स्टेट साइबर सेल जोन ग्वालियर की टीम ने दबिश दी और शाजापुर भाजपा जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को अपने साथ लेकर गई है।
CA अशोक विजयवर्गीय से 21.05 करोड़ रुपये की हुई साइबर ठगी
दरअसल, ग्वालियर के चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय से 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इस मामले में 10 जुलाई को एफआईआर दर्ज की गई। ग्वालियर की टीम को शाजापुर के जिला पंचायत सदस्य के खाते में ठगी का 50 लाख रुपया आने की जानकारी मिली, जिस पर टीम बुधवार रात को शाजापुर पहुंची थी और कोतवाली थाने में जिला पंचायत सदस्य से पूछताछ करने के बाद उसे अपने साथ लेकर गई है।
76 बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए 21.05 करोड़ रुपये
चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय के पास अंजान नंबर से काल आया था। दिव्या सिंह नाम की महिला से बात होने लगी। क्रिप्टो में निवेश का झांसा दिया गया। उनसे 76 बैंक खातों में 126 बार में 21.05 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। दिसंबर से जुलाई के बीच यह पैसा ट्रांसफर किया गया।
ठगी का ऐसे हुआ खुलासा
सीए को ऑनलाइन करीब 10.25 करोड़ रुपये का मुनाफा नजर आ रहा था। जब पैसा निकालने का प्रयास किया, तब इनसे इनकम टैक्स और अलग-अलग टैक्स के नाम पर पैसा मांगा गया। तब ठगी का पता लगा और इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। इस मामले में शाजापुर एसपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि साइबर सेल ग्वालियर की टीम शाजापुर आई थी। टीम जिले के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को 21 करोड़ की ठगी के मामले में अपने साथ लेकर गई है।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश के मंदसौर में टमाटर के ट्रक से 45 लाख की अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार