सोशल मीडिया पर युवती का पीछा, अश्लील मैसेज और ब्लैकमेल करने वाला आरोपी भोपाल से गिरफ्तार
झालावाड़ (राजस्थान)। सोशल मीडिया के जरिए एक युवती का पीछा करने, अश्लील संदेश भेजने, धमकियां देकर एक लाख रुपये की मांग करने और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है।
महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (IPS) ने बताया कि महिलाओं और युवतियों को सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयान खान (24) पुत्र तोहिद खान, निवासी बड़ी, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
अश्लील संदेश, धमकियां और एक लाख रुपये की मांग का आरोप
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को पीड़िता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि पढ़ाई के दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर उसका पीछा करने लगा, अश्लील संदेश भेजने लगा और घर आकर जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने युवती से एक लाख रुपये की मांग करते हुए मिलने का दबाव भी बनाया।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसकी मां ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकियां दीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी तस्वीरें पोस्ट कीं और अश्लील टिप्पणियां लिखकर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया।
साइबर टीम की मदद से भोपाल से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एडीशनल एसपी भागचंद मीणा एवं डिप्टी हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन में कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर भोपाल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।
यह भी पढ़े: दिल्ली पुलिसकर्मियों के परिवारों का छलका दर्द, जंतर-मंतर झड़प के बाद न्याय की उठाई मांग