माननीय हादसे से सबक लेने को तैयार नहीं, डल झील में बिना लाइफ जैकेट पहने सांसदों ने की बोटिंग
नर्मदापुरम। जबलपुर क्रूज डूबने की घटना के बाद भी जनप्रतिनिधि हादसे से सबक लेने को तैयार नहीं हैं। अब शहरी विकास से जुड़ी संसदीय समिति सदस्यों का बिना लाइफ जैकेट पहने कश्मीर (श्रीनगर) की डल झील में बोटिंग करने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें अध्यक्ष शहरी विकास समिति अध्यक्ष मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सहित 10 सदस्य और लोकसभा के 21 सांसद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो और लाइव तस्वीरों में सांसद शिकारेनुमा बोट में बैठे नजर आ रहे हैं।
क्राग्रेस ने वीआईपी पर बोला, सुरक्षा नियमों की अनदेखी
तस्वीरों में कई लोग बिना लाइफ जैकेट पहने दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सांसदों के लाइफ जैकेट नहीं पहनने को लेकर भी कमेंट्स आए। वीआईपी लोगों के लिए सुरक्षा नियम क्या अलग हैं? तस्वीरें सामने आते ही कांग्रेस ने इसे सुरक्षा नियमों की अनदेखी बताते हुए भाजपा पर हमला बोल दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे ने कहा कि क्या वीआईपी लोगों के लिए सुरक्षा नियम अलग हैं? जनप्रतिनिधि समाज के रोल मॉडल होते हैं। जब सांसद और नेता सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम जनता तक क्या संदेश जाएगा। बरगी डैम हादसे के बाद सरकार खुद जल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
सांसद बोले, फोटो सेशन के दौरान जैकेट निकाली
इस मामले में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के पुत्र विकास नारोलिया का कहना है- सभी के पास लाइफ जैकेट थी। फोटो सेशन के दौरान लाइफ जैकेट निकाली होगी। बोट ओवरलोड नहीं थी। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया था।
यह भी पढ़े: मप्र में 1.20 लाख पद समाप्त, भर्ती बंद
https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-to-eliminate-12-lakh-posts-no-new-hiring/204547