MP News: उमरिया में अवैध जुआ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
बिरसिंहपुर पाली: मध्यप्रदेश में उमरिया जिले के घुनघुटी पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध जुआ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ग्राम पंचायत सलैया स्थित बबरा आश्रम के पास संचालित जुआ फड़ पर गुरुवार शाम पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी. कार्रवाई के दौरान पांच जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
पुलिस टीम ने बिना देर किए बनाई रणनीति
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बबरा आश्रम के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए रणनीति बनाई और शाम करीब 5:10 बजे पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया.
चोरों के पास से बरामद हुआ ये सामान
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से नगद राशि, ताश के पत्ते, तीन मोबाइल फोन, पांच मोटरसाइकिल और एक ऑटो जब्त किया. जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 8 लाख 85 हजार 350 रुपये बताई गई है. पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है.
आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) व जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमरिया के निर्देशन में और पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में घुनघुटी चौकी पुलिस द्वारा की गई. अभियान का नेतृत्व चौकी प्रभारी विजय सेन ने किया. कार्रवाई में एएसआई शैलेंद्र चतुर्वेदी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
आगे भी की जाएगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिला में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूचना आधारित कार्रवाई आगे भी की जाएगी. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास संचालित होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके.
घुनघुटी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ एक प्रभावी कदम माना जा रहा है. इससे यह संदेश भी गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें- MP News: नशा तस्करों के खिलाफ होगी बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी के अलावा होगा ये बड़ा एक्शन