मध्य प्रदेश में अवैध रेत पर पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
मुरैना (मध्य प्रदेश)। मुरैना जिले में अवैध रेत के उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। सिविल लाइन पुलिस ने आसन नदी की अवैध रेत से भरी करीब सात लाख रुपए कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं सबलगढ़ पुलिस ने चंबल नदी की रेत से भरी करीब नौ लाख रुपए कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किए हैं।
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली थी कि सहराना कॉलोनी में अवैध रेत से भरा वाहन खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत बीएनएस और खान एवं खनिज अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई।
सबलगढ़ में चेकिंग के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
17 सितंबर को सबलगढ़ पुलिस ग्राम चोखपुरा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चंबल नदी की अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने करीब नौ लाख रुपए कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
राजसात की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपा वाहन
सबलगढ़ पुलिस ने जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजसात की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सुपुर्द किया। चालक के फरार होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: बरेली में तेज आंधी और बारिश के कहर से बिजली और यातायात ठप, दीवार गिरने से महिला की मौत