एमएससी छात्रा हत्याकांड में मुठभेड़, आरोपी पुनीत मिश्रा गिरफ्तार; पैर में लगी गोली
वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: रोहनिया क्षेत्र में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी के साथी पुनीत मिश्रा को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, हत्या का मुख्य आरोपी विवेक चौबे अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस पर फायरिंग का दावा
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक से दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो एक आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुनीत मिश्रा के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजातालाब क्षेत्र के मऊ का रहने वाला है और श्रेया हत्याकांड में वांछित था। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
20 अगस्त को मिला था छात्रा का शव
दरअसल, 20 अगस्त को रोहनिया के बच्छांव क्षेत्र में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की और परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया।
शादी कहीं और तय होने से नाराज था मुख्य आरोपी
परिजनों का आरोप है कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से मुख्य आरोपी विवेक चौबे नाराज था। आरोप है कि उसने श्रेया को रोहनिया बुलाया और बाथरूम में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं छोड़ दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। श्रेया अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। घटना के बाद से परिवार में मातम है। पुलिस अब गिरफ्तार पुनीत मिश्रा से पूछताछ के जरिए हत्या की पूरी साजिश और फरार मुख्य आरोपी विवेक चौबे के ठिकाने का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: जन्मदिन के 24 घंटे भी नहीं बीते, किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान; परिवार में मचा कोहराम