चंदौली के मुगलसराय में पुलिस ने संदिग्धों और हिस्ट

मुगलसराय में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 80 लोगों की जांच और 10 पर कार्रवाई

Mughalsarai Police Checks 80 People, Action Against 10

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। थाना मुगलसराय पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।

हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर पुलिस ने किया भौतिक सत्यापन

अभियान के दौरान पुलिस ने चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी मौजूदगी और वर्तमान गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर घर पर मौजूद मिला, जिसके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाकर अभिलेखों को अपडेट किया गया।

80 लोगों की जांच, 15 संदिग्धों से पूछताछ

पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर कुल 80 व्यक्तियों की जांच की। इनमें 15 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ और सत्यापन किया गया। जांच के बाद आवश्यक कार्य से आने-जाने वाले पांच लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

शराब के नशे में घूमने वाले 10 लोगों पर पुलिस ने की कार्रवाई

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर बिना वजह घूमने तथा शराब के नशे में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 10 व्यक्तियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा रहा।

संदिग्धों और हिस्ट्रीशीटरों पर लगातार नजर रखेगी पुलिस

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों की लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दीनानाथ सिंह, उपनिरीक्षक सीताराम यादव, हेड कांस्टेबल बसंत सिंह, कांस्टेबल विशाल वर्मा समेत विभिन्न चौकी एवं हल्का प्रभारी अपने हमराहियों के साथ शामिल रहे। 

यह भी पढ़े:    उमरिया में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, नौरोजाबाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की