मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW कार दुर्घटनाग्रस्त, दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत और एक गंभीर
मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई के मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ रफ्तार भर रही एक लग्जरी BMW कार कुछ ही पलों में मौत का कारण बन गई। कोस्टल रोड पर लोटस जेटी के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक शख्स का अस्पताल में उपचार जारी है। नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मृतकों में से दो की पहचान शनाय गज्जल (21) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है, जबकि एक अज्ञात 25 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
20 वर्षीय युवक की हालत गंभीर
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बताया कि एक 20 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ट्रॉमा वार्ड में गंभीर हालत में भर्ती है। यह दुर्घटना सुबह-सुबह लाला कॉलेज के पास हुई, जब कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई। शुरुआत में चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मुंबई में बुर्का पहनकर गणपति मूर्ति लेकर घूमी महिला, वीडियो वायरल