मुंबई मेयर के पति के रूप में फोटोग्राफी टीचर की भ्रामक तस्वीर वायरल, अज्ञात यूट्यूब क्रिएटर पर FIR दर्ज
मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भ्रामक जानकारी फैलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। भायखला (Byculla) के रहने वाले एक 55 वर्षीय फोटोग्राफी टीचर को एक यूट्यूब वीडियो में गलत तरीके से भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व नगरसेवक ऋतु तावड़े के पति के रूप में पेश किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ मानहानि और बिना सहमति के तस्वीरों के इस्तेमाल को लेकर FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस जांच और कार्रवाई
मुंबई की कालाचौकी पुलिस (Kalachowki Police) ने टीचर द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर 27 अगस्त को कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, चैनल चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच (Technical Procedures) शुरू कर दी गई है और उस आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस किया जा रहा है जहां से यह वीडियो अपलोड किया गया था। जांच में सहयोग के लिए शिकायतकर्ता ने पुलिस को वीडियो के स्क्रीनशॉट्स भी सौंपे हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है।
पड़ोसी से मिली वीडियो की जानकारी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्हें इस फर्जी वीडियो के बारे में 26 अगस्त को तब पता चला, जब उनकी बिल्डिंग में रहने वाले एक पड़ोसी ने उन्हें व्हाट्सएप (WhatsApp) पर यूट्यूब का लिंक भेजा। वीडियो में उनकी और भाजपा नेत्री की तस्वीरों का इस्तेमाल बिना किसी पूर्व अनुमति या सहमति के किया गया है।
निजी जानकारियों का दुरुपयोग
FIR में दर्ज जानकारी के अनुसार, यह वीडियो "gk-shorts-videos" नाम से चलाए जा रहे एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। इस शॉर्ट वीडियो में न केवल भ्रामक तस्वीरें (Misleading Visuals) दिखाई गईं, बल्कि टीचर के नाम, शिक्षा, पेशे, धर्म, शौक और उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि जैसी संवेदनशील निजी जानकारियों को भी साझा किया गया।
ऋतु तावड़े का राजनीतिक परिचय
बता दें कि ऋतु तावड़े भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता और पूर्व नगरसेवक (Corporator) हैं। वे नगर निगम में वार्ड 132 (एन-वार्ड, घाटकोपर) का प्रतिनिधित्व करती हैं। 227 सदस्यीय बीएमसी (BMC) चुनावों में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की थी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: हिंदी में बात करने पर कार्रवाई की धमकी, अमित ठाकरे का विवादित बयान