मुंगेर में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, महगामा के हाईवा पर 4.22 लाख का जुर्माना
मुंगेर (बिहार)। जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के लड़ैयाटांड़ गांव में गुप्त सूचना के आधार पर बिना चालान बालू ले जा रहे एक हाईवा को जब्त किया गया। खनन विभाग ने वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 लाख 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
लड़ैयाटांड़ पुलिस की टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली कि बिना वैध चालान के बालू से भरा एक हाईवा गांव के रास्ते से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्कर के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर हाईवा को रोक लिया। चालक से बालू से संबंधित कागजात और चालान मांगा गया।
चालक नहीं दिखा सका वैध चालान
जांच के दौरान हाईवा चालक बालू से जुड़ा कोई वैध चालान या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्कर ने मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी गोपाल सिंह को दी। सूचना मिलने पर जिला खनन अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन समेत उस पर लदे बालू की विस्तृत जांच की।
खनन विभाग ने लगाया 4.22 लाख का जुर्माना
जांच में अवैध रूप से बालू का परिवहन किए जाने की पुष्टि होने के बाद हाईवा को जब्त कर लड़ैयाटांड़ थाने के सुपुर्द कर दिया गया। जांच में पता चला कि जब्त हाईवा स्थानीय थाना क्षेत्र के महगामा गांव से संबंधित है। बिहार लघु खनिज समनुदान नियमावली के तहत खनन विभाग ने वाहन पर 4 लाख 22 हजार रुपये का जुर्माना तय किया है।
अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप
पुलिस और खनन विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध बालू कारोबारियों और चालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के अनुसार अवैध खनन और बिना चालान बालू ढोने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: झालावाड़ में ढाई घंटे में 3 बार भूकंप के झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग