मुंगेर में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम, दोनाली बंदूक-पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
मुंगेर (बिहार)। मुंगेर में पुलिस ने अपराध की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया स्थित एक बगीचे में बैठकर आपराधिक घटना की साजिश रच रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के पास से एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
गुप्त सूचना पर कटरिया बगीचे में पुलिस की छापेमारी
दरअसल, रविवार को मुफस्सिल थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार कुणाल को गुप्त सूचना मिली कि कटरिया स्थित एक बगीचे में कुछ संदिग्ध अपराधी जमा हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटरिया बगीचे में छापेमारी की। इस दौरान मौके से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया।
दोनाली बंदूक, पिस्टल, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया निवासी अक्षय कुमार और धरहरा थाना क्षेत्र के लड़ैयाटांड़ निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है।
हथियारों के स्रोत और साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी पुलिस
मुफस्सिल थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार कुणाल ने बताया कि अपराध की योजना बना रहे दोनों युवकों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस बरामद हथियारों के स्रोत और आपराधिक साजिश में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: देवास में शराब तस्करी के ट्रक ने खातेगांव TI दिलीप पुरी को कुचला, मौत