मुंगेर में युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति पर मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
मुंगेर (बिहार)। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बीचागांव में सोमवार देर रात एक युवती ने फंदे से झूलकर जान दे दी। मृतका की पहचान अमरनाथ शर्मा की पुत्री रिया कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पति की प्रताड़ना से तंग आकर मायके लौटी
भाई रितेश कुमार ने आरोप लगाया कि रिया ने वर्ष 2023 में दिलावरपुर बाड़ा निवासी नवजीत कुमार भास्कर से प्रेम विवाह किया था। शादी के करीब एक माह बाद ही पति की कथित प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके लौट आई थी। स्वजन का आरोप है कि मायके आने के बाद भी पति लगातार फोन कर उसे मानसिक रूप से परेशान करता रहा, जिससे वह गहरे तनाव में रहने लगी थी।
उसकी जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित
स्वजन के अनुसार, सोमवार रात रिया ने परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। देर रात जब परिजनों ने उसे देखा तो वह फंदे से झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रिया दो भाइयों में इकलौती बहन थी। उसने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। परिवार का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना ने उसकी जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया।
घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबी कांत कच्छप ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवेदन मिलने पर सभी आरोपों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में सेना के 22 वर्षीय जवान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला, जांच में जुटी पुलिस