बिहार के औरंगाबाद शहर में दीपावली के अवसर पर गंगा-

मुस्लिम युवाओं ने मंदिरों में जलाए सौहार्द के दीये, पेश की भाईचारे की मिसाल

Muslim Youths Light Lamps in Temples, Promote Communal Harmony

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद शहर में दीपावली के अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। शहर के विभिन्न मंदिरों में मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने प्रेम और सौहार्द के दीये जलाकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस पहल के जरिए युवाओं ने धर्म से ऊपर उठकर एकता और शांति का संदेश दिया।

कई मंदिरों में किया दीप प्रज्ज्वलन

पैगाम-ए-इंसानियत संगठन के बैनर तले मुस्लिम युवाओं ने रविवार रात करीब 10 बजे से शहर के कई मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए। इनमें कारगिल चौक स्थित भगवान शंकर मंदिर, शाहपुर टिकरी रोड शिव मंदिर, नावाडीह रोड स्थित महावीर मंदिर, धर्मशाला मोड़ मां दुर्गा मंदिर, गणपति मंदिर, संकट मोचन मंदिर और नगर थाना स्थित भोले शंकर मंदिर शामिल रहे। इस दौरान दीये जलाकर पूरे संसार में अमन-शांति की कामना की गई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मंदिरों के पुजारियों और हिंदू भाइयों को गुलाब के फूल देकर गले लगाया। साथ ही मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। युवाओं ने कहा कि यह हिंदुस्तान है और यहां सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहते हैं। दीपावली रोशनी का त्योहार है और वे इसे पूरे परिवार के साथ मिलकर मनाते हैं।

आतंकवाद के खात्मे और शांति की मांगी दुआ

पैगाम-ए-इंसानियत के जिलाध्यक्ष शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान ने कहा कि दीपावली बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है। इस अवसर पर दीप जलाकर दुनिया से आतंकवाद के खात्मे और आपसी सद्भाव कायम रखने की कामना की गई। उन्होंने कहा कि मुस्लिम मोहल्ले में बच्चे भी एकत्र होकर दीप जलाते हुए प्रेम और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। यह दर्शाता है कि हिंदुस्तान में आज भी गंगा-जमुनी तहजीब बरकरार है और आगे भी रहेगी। इसी एकता से हमारा देश मजबूत और विकसित राष्ट्र बनेगा।

बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु रहे मौजूद

इस मौके पर मो. छोटे खान, मो. जुल्फिकार, मो. इम्तियाज, मो. रुस्तम और अन्ना खान सहित कई युवा मौजूद रहे। वहीं, मंदिरों के पुजारी डब्लू पांडे, सुनील पांडे, संतोष कुमार पांडे, श्रीराम पांडे, शुभम पांडे, अमित कुमार, अनुज कुमार और कुंदन कुमार सहित कई श्रद्धालुओं ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें: शहजादपुर में जमीन कब्जाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लात-घूंसे; मारपीट का वीडियो वायरल