सलोन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव म

झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, इलाके में मचा हड़कंप

Mutilated Body of Youth Found in Bushes

रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: सलोन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में सोमवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।

35 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र की सूची पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले गौवा बाजार गांव के निवासी गया प्रसाद के मकान के पीछे झाड़ियों में सोमवार देर शाम ग्रामीणों ने एक शव देखा। शव लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का था, जो पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था। झाड़ियों में शव पड़े होने की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आसपास के गांवों में कराई गई शिनाख्त

ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी बालेंदु गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी।

प्रतापगढ़ पुलिस से भी मांगी गई मदद

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ की पुलिस से भी संपर्क साधा है। युवक के हुलिए के आधार पर वहां भी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक प्रतापगढ़ का निवासी तो नहीं था या उसकी गुमशुदगी वहां दर्ज है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत का खुलासा

सलोन कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि झाड़ियों में मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त कराने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़े: मिर्जापुर में पारिवारिक विवाद के बीच महिला ने बच्चों संग खाया जहर, मां-बेटी की मौत