मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से 4 की मौत, चालक फरार
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के भैसाना गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइकों पर सवार 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 3 व्यक्ति और एक बच्ची शामिल बताई जा रही है।
बस छोड़कर चालक मौके से हुआ फरार
बताया जा रहा है कि हादसा बस चालक की लापरवाही और ओवरस्पीड के चलते हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे में शामिल रोडवेज बस UP-17, बड़ौत डिपो की बताई जा रही है। वहीं, हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
बुढ़ाना पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतकों में कांधला और बागपत क्षेत्र के रहने वाले लोग शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जौनपुर के होटल से MDMA नेटवर्क का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार