मुजफ्फरपुर में स्कूल के बाहर दो दर्जन राउंड फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी का धमकी भरा पर्चा चिपकाया
मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के समीप रविवार की अहले सुबह बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से करीब दो दर्जन राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल कायम हो गया।
गेट पर चिपकाया 50 लाख की रंगदारी का पर्चा
वारदात से ठीक पहले अपराधियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर धमकी भरा पर्चा चिपकाया। पर्चे में स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपये की रंगदारी (लेवी) मांगी गई है। इसमें मांग पूरी नहीं होने पर स्कूल प्रशासन को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। वारदात के बाद नकाबपोश बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मौके से कई खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जमीन पर बिखरे कई खोखे बरामद किए। छानबीन के दौरान स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और गेट पर गोलियों के स्पष्ट निशान भी मिले।
CCTV में दिखे दो बाइक सवार युवक
पुलिस ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक नजर आए। फुटेज के मुताबिक दोनों ने पहले स्कूल के गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी वाला पर्चा चिपकाया और इसके बाद स्कूल के आसपास घूम-घूमकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
रंगदारी और जमीनी विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधियों के आने और भागने के रास्तों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस रंगदारी के साथ स्कूल के संभावित जमीनी विवाद समेत अन्य सभी बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
एसडीपीओ ने बताया कि संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान होने के बाद जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: सारण में युवक की गला रेतकर हत्या, दुबवलिया चंवर इलाके में शव मिलने से सनसनी