उमरिया में प्रसूता की मौत के बाद महिला के सनसनीखेज दावों से मचा हड़कंप
उमरिया (मध्य प्रदेश)। प्रसूता की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच गांव में अचानक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया। शव के पास पहुंची एक महिला ने कथित तौर पर प्रसूता की मौत और बच्चे को लेकर गंभीर दावे कर दिए। महिला की बात सामने आते ही ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मामला पुलिस तक पहुंच गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत
बताया जा रहा है कि प्रसूता की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए उमरिया जिला अस्पताल लाया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हुए थे।
महिला ने बदला लेने का दावा किया
इसी दौरान एक महिला अचानक शव के पास पहुंची। महिला ने कथित रूप से दावा किया कि प्रसूता की मौत के पीछे उसकी भूमिका है। उसने बच्चे की हत्या किए जाने जैसी बात भी कही और बदला लेने का दावा किया। महिला के इस कथित बयान से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामला तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला और उसके पति को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और दोनों को पूछताछ के लिए उमरिया कोतवाली ले जाया गया।
घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर शुरू
घटना के बाद गांव में जादू-टोने से लेकर प्रसूता की मौत तक को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, महिला द्वारा किए गए दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच रही है।
बच्चे से संबंधित दावे की भी जांच
पुलिस प्रसूता के उपचार से संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड, अस्पताल की रिपोर्ट और रेफर किए जाने की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही महिला के बयान और बच्चे से संबंधित उसके दावे की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के दावे का कोई तथ्यात्मक आधार है या नहीं।
पति-पत्नी पुलिस की निगरानी में
फिलहाल पति-पत्नी पुलिस की निगरानी में हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ेंः नाबालिग से दुष्कर्म और मानव तस्करी मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार