नगालैंड के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों में संदिग्ध

नगालैंड में नकली शराब का कहर, 19 लोगों की मौत; सप्लाई चेन खंगालने में जुटी SIT

Representative image

मोकोकचुंग (नगालैंड))। नगालैंड में कथित तौर पर नकली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध नकली शराब की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। बता दें कि नगालैंड में 1990 से पूर्ण शराबबंदी लागू है।

सप्लाई चेन की जांच के लिए SIT गठित

पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिनों में संदिग्ध नकली शराब पीने से मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच और संदिग्ध नकली शराब के स्रोत तथा आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए नमूने

उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं। उन्होंने कहा, "हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी इनके बारे में बताना जल्दबाजी होगी।" घटना के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की और 19 लोगों को गिरफ्तार किया तथा करीब 3,000 बोतल शराब जब्त की।

संदिग्ध शराब से दूर रहने की अपील

पुलिस ने लोगों को बिना पहचान वाली, बिना लेबल वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही, शराब पीने के बाद चक्कर आने, धुंधला दिखाई देने, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता लेने की अपील की है। ​(इनपुट: PTI)

यह भी पढ़ें: अरुणाचल, मणिपुर और नागालैंड में AFSPA बढ़ा, 1 अक्टूबर से छह महीने लागू रहेगा कानून