E20 पेट्रोल को लेकर नितिन गडकरी के खिलाफ कंटेंट बनाने वाले क्रिएयर के खिलाफ नागपुर साइबर पुलिस ने लिया एक्शन
महाराष्ट्र: नागपुर साइबर पुलिस ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एथेनॉल-मिश्रित ईंधन के मुद्दे पर निशाना बनाते हुए कथित तौर पर झूठी, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कई सोशल मीडिया खाताधारकों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की है। भाजपा नागपुर शहर सोशल मीडिया सेल के संयोजक शिशिर अरुण त्रिपाठी ने शिकायत दर्ज कराई है।
इन कंटेट क्रिएटर्स के खिलाफ की गई शिकायत
शिकायत के अनुसार, कंटेंट क्रिएटर मनीष कश्यप द्वारा 3 जुलाई, 2026 को अपलोड किए गए एक यूट्यूब वीडियो में गडकरी और एथेनॉल (E20) ईंधन के संबंध में कथित तौर पर झूठे, मानहानिकारक और भ्रामक बयान शामिल थे, जिनका उद्देश्य जनता को गुमराह करना था। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसी तरह के भ्रामक वीडियो और पोस्ट अन्य यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट, जिनमें 'देसी बॉयज़', 'हर्षित राठी' और 'अंकलेश इनवती' के माध्यम से प्रसारित किए गए, जिनमें केंद्रीय मंत्री के खिलाफ निराधार और आपत्तिजनक आरोप लगाए गए थे। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इस सामग्री से सार्वजनिक शांति भंग होने और नागरिकों के बीच भ्रम पैदा होने की संभावना है।
अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखते हुए कहा...
शिकायत और प्रस्तुत किए गए सहायक डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नागपुर साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 356, 352 और 296 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत एफआईआर संख्या 0092/2026 दर्ज की। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से उन वाहनों के लिए ई20 पेट्रोल के रोलआउट पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया, जो इथेनॉल-मिश्रित ईंधन पर चलने के लिए डिज़ाइन नहीं किए गए थे।
अपने पत्र में केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा...
अपने पत्र में केजरीवाल ने दावा किया कि पुराने वाहनों में ई20 पेट्रोल के उपयोग से माइलेज में कमी, इंजन की तेजी से टूट-फूट और 2023 से पहले निर्मित कारों और दोपहिया वाहनों के मालिकों पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। आप नेता ने मांग की है कि पेट्रोल पंप उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल और ई20-मिश्रित ईंधन के बीच चयन करने का विकल्प दिए जाएं। उन्होंने ई20 पेट्रोल की कीमत कम करने की भी मांग की, उनका तर्क था कि कम कैलोरी मान के कारण माइलेज कम हो जाता है।
पीएम मोदी से ई20 पेट्रोल की कीमत कम करने की अपील की
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, मैंने प्रधानमंत्री मोदी से ई20 पेट्रोल की कीमत कम करने की अपील की है। चूंकि ई20 से माइलेज कम मिलता है, इसलिए इसकी कीमत भी कम होनी चाहिए। मैंने उनसे मिलने का समय भी मांगा है। केजरीवाल ने ई20 पेट्रोल से परेशान लोगों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी समस्याएं उठाने की अपील की। उनका दावा था कि सरकार का ध्यान इस मामले पर जाने के लिए जन जागरूकता जरूरी है।
यह सरकार हमारी बात इतनी आसानी से नहीं सुनेगी: केजरीवाल
उन्होंने आगे कहा, कि मैं इन समस्याओं से परेशान सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि वे वीडियो बनाएं और उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करें, क्योंकि यह सरकार हमारी बात इतनी आसानी से नहीं सुनेगी। उन्होंने आगे कहा कि ई20 पेट्रोल को लेकर चिंता जताने वाले लोग भरातीय नागरिक हैं। उन्हें नकारात्मक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए।
ई20 पेट्रोल को लेकर चिंता जताने वाले सभी लोग इसके प्रभाव से हैं परेशान
उन्होंने कहा, ई20 पेट्रोल को लेकर चिंता जताने वाले सभी लोग इसके प्रभाव से परेशान हैं। वे हमारे साथी नागरिक हैं। वे देशद्रोही नहीं हैं। वे देशभक्त हैं। इस तरह से उनका अपमान करना गलत है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि उनका इस तरह से अपमान नहीं किया जाना चाहिए। हम लोकतंत्र में रहते हैं। उनकी बात सुनें। उनकी शिकायतों को सुनना और उनका समाधान करना सरकार का कर्तव्य है।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें- अमेरिकी सीनेटरों ने रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक किया पेश, भारत का नाम भी शामिल