नरसिंहपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस ने दो ठिकानों से महुआ लहान और शराब की जब्त
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में सागर जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार कि सुबह लगभग 4 बजे स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के रोसरा-खमतरा इलाके में पुलिस ने दबिश देकर लंबे समय से संचालित बताई जा रही अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक को खुफिया तंत्र के माध्यम से अवैध शराब निर्माण की जानकारी मिली थी। इसके बाद स्टेशनगंज और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ लहान और शराब बरामद की है। मौके पर हजारों लीटर अवैध शराब तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
दो ठिकानों पर छापेमारी, तीन आरोपियों पर केस
कार्रवाई के दौरान निरीक्षक गौरव चाटे, थाना प्रभारी सौरभ पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि दो स्थानों पर कार्रवाई की गई है। बड़ी मात्रा में महुआ लहान और अवैध शराब जब्त हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया जा रहा है। जब्त शराब और लहान की मात्रा की गणना की जा रही है।
जहरीली शराब कांड के बाद नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद नरसिंहपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के नेटवर्क पर बड़ी चोट के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि यहां तैयार की जा रही शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में मजदूर को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप, एक गिरफ्तार