43 डिग्री भीषण गर्मी में NCC ट्रेनिंग, 50 बच्चे बीमार, 7 आईसीयू में
जबलपुर। शहर में एक एनसीसी (NCC) प्रशिक्षण शिविर के दौरान फूड प्वाइजनिंग और भीषण गर्मी के चलते बड़ा हादसा सामने आया है। ट्रेनिंग ले रहे 50 से अधिक बच्चे अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए हैं।
पनीर खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर आयोजित इस एनसीसी शिविर में रात के भोजन (डिनर) में कैडेट्स को पनीर की सब्जी परोसी गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद ही बच्चों को चक्कर आने लगे और उन्होंने उल्टी-दस्त के साथ-साथ अत्यधिक कमजोरी की शिकायत की।
7 कैडेट्स आईसीयू (ICU) में भर्ती
जैसे ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, कैंप में अफरा-तफरी मच गई। बीमार छात्रों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को भर्ती कराया गया है। बीमार होने वाले बच्चों में 20 छात्राएं और एक छात्र की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 7 कैडेट्स को आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
43 डिग्री तापमान का कहर
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इतनी कड़कड़ाती धूप और अत्यधिक तापमान के बीच बच्चे लगातार शारीरिक प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) ले रहे थे। डॉक्टरों का अनुमान है कि अत्यधिक गर्मी और रात में पनीर की सब्जी खाने के कारण बच्चे फूड प्वाइजनिंग और डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए। प्रशासन द्वारा इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं कि आखिर इतनी भीषण गर्मी में भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया।
यह भी पढ़े: देवास ब्लास्ट आरोपी मुकेश विज दिल्ली में गिरफ्तार