मंडलीय महिला चिकित्सालय में इलाज में कथित लापरवाही

इलाज में लापरवाही के आरोप के बीच प्रसूता की मौत, अस्पताल में मचा हड़कंप

Negligence Allegation After Woman Dies During Childbirth

मिर्जापुर {उत्तर प्रदेश}: मंडलीय महिला चिकित्सालय में इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि दुल्लापुर पारी थाना क्षेत्र निवासी दुर्गावती (पत्नी राजेश बिंद) को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर मंडलीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि पूरे दिन इलाज में लापरवाही बरती गई और शाम के समय महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

नर्स पर अभद्र व्यवहार का आरोप

परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। हंगामे की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। इसके बाद परिजनों को अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया गया।

आधे घंटे तक रहा तनाव का माहौल

घटना के चलते मंडलीय चिकित्सालय की इमरजेंसी में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, परिजनों ने इलाज में लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़े: E20 पेट्रोल को लेकर नितिन गडकरी के खिलाफ कंटेंट बनाने वाले क्रिएयर के खिलाफ नागपुर साइबर पुलिस ने लिया एक्शन