रायबरेली में 8 साल की बच्ची से पड़ोसी ने की दरिंदगी, जगतपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। पड़ोस में रहने वाले एक कलयुगी पड़ोसी ने इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली करतूत को अंजाम दिया है। जगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महज 8 साल की मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, मुस्तैद जगतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चौबीस घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मासूम से कई दिन से कर रहा था गंदी हरकत
जगतपुर थानाध्यक्ष वागीश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पिता ने बुधवार को थाने आकर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई। शिकायत के मुताबिक, ग्राम सिंघापुर भटौली निवासी साजिद अली पुत्र शामिद अली ने उनके पड़ोस में रहने वाली 8 वर्षीय मासूम पुत्री को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। आरोपी पिछले दो-तीन दिनों से लगातार मासूम के साथ गंदी हरकतें और छेड़छाड़ कर रहा था। जब बच्ची ने हिम्मत जुटाकर रोते हुए पूरी बात अपने माता-पिता को बताई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया, कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया। पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी साजिद अली के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
कप्तान के निर्देश पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के सख्त निर्देशों के बाद जगतपुर पुलिस टीम ने जाल बिछाया। उपनिरीक्षक अजय मलिक और आरक्षी विष्णु पाल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साजिद अली को नियमानुसार उसके गांव सिंघापुर भटौली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में सराहना हो रही है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में जीएनएसएस रोवर तकनीक से होगी सटीक भूमि पैमाइश, डीएम ने किया निरीक्षण