झालावाड़ में शादी नहीं होने की नाराजगी में भतीजे ने किया ताऊ का कत्ल
झालावाड़,(राजस्थान)। जिले के सारोला कलां थाना क्षेत्र के गाडरवाड़ा नूरजी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। अपने ही ताऊ की धारदार हथियार (गंडासी) से हत्या करने वाले आरोपी कुलदीप बैरवा (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी शादी नहीं होने से नाराज था और इसी बात को लेकर उसने ताऊ की हत्या कर दी।
चिकित्सकों ने जगन्नाथ को मृत किया घोषित
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 9 जुलाई की रात गांव गाडरवाड़ा नूरजी में जगन्नाथ बैरवा पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल जगन्नाथ को परिजन एसआरजी अस्पताल, झालावाड़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी कुलदीप गिरफ्तार
मृतक के पुत्र सत्यवान बैरवा की रिपोर्ट पर सारोला कलां थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद्र मीणा एवं वृत्ताधिकारी गरीमा जिंदल के निर्देशन तथा थानाधिकारी बुद्धराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। एफएसएल टीम से मौके के साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब और नशे का आदी है। करीब एक महीने पहले उसकी शादी को लेकर ताऊ जगन्नाथ से विवाद हुआ था। आरोपी को शक था कि उसके ताऊ ने अपने दोनों बेटों की शादी कर दी, लेकिन उसे जानबूझकर कुंवारा रखा जा रहा है। इसी रंजिश में उसने मौका देखकर गंडासी से ताऊ के हाथ पर लगातार कई वार कर दिए।
खेतों में छिपकर हुआ फरार
लोगों के मौके पर पहुंचते ही वह खेतों में छिपकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की बरामदगी और मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी अपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में मासूम से दरिंदगी: पुलिस मुठभेड़ के बाद ढाई घंटे में आरोपी गिरफ्तार