लखनऊ में योगी सरकार 3 जुलाई को प्रशासनिक अकादमी के

₹464 करोड़ की लागत से तैयार प्रशासनिक अकादमी का नया परिसर, 3 जुलाई को होगा लोकार्पण

New administrative academy campus, built at a cost of ₹464 crore, to be inaugurated on July 3

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में सुशासन को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने की दिशा में योगी सरकार शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण संस्थागत उपलब्धि जोड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 जुलाई को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के अत्याधुनिक नवीन परिसर का लोकार्पण करेंगे। 

₹464 करोड़ से अधिक की लागत से बना प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी परिसर 

₹464 करोड़ से अधिक की लागत से 22.5 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित यह परिसर प्रदेश की सात दशक से अधिक पुरानी प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक आधारभूत संरचना, उन्नत तकनीक और वैश्विक प्रशिक्षण मानकों से जोड़गा। आईएएस, पीसीएस और अन्य सेवाओं के अधिकारियों के प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

75 वर्षों की प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

उत्तर प्रदेश में 1951 में शुरू हुई प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को अब आधुनिक रूप दिया जा रहा है। यह संस्थान अधिकारियों के क्षमता निर्माण और नेतृत्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

प्रशिक्षण और प्रशासनिक उत्कृष्टता का केंद्र बनेगा नया परिसर

नई प्रशिक्षण आधारभूत संरचना का उद्देश्य अधिकारियों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्य-संस्कृति को अधिक दक्ष, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख बनाना है। यहां आईएएस, पीसीएस, तथा विभिन्न विभागों में चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नेतृत्व विकास, नीति क्रियान्वयन, डिजिटल गवर्नेंस, आदि विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी को मिलेगी नई ऊर्जा

यह परिसर केवल एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं होगा, बल्कि प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी के सतत क्षमता निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित अधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पुनर्प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन और विषय-विशेष प्रशिक्षण की भी यहां व्यापक व्यवस्था होगी। मिशन कर्मयोगी के तहत क्षमता निर्माण, सतत अधिगम और व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों को भी इससे नई गति मिलेगी। 

विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा परिसर

1,200 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था विकसित की गई है। परिसर में 13 अत्याधुनिक प्रशिक्षण कक्ष, 300 सीटों का प्रेक्षागृह, दो बहुउद्देशीय हॉल, 300 क्षमता का छात्रावास, डिजिटल लर्निंग सेंटर, डिजिटल स्टूडियो, डिजिटल लैब, आधुनिक पुस्तकालय, कॉन्फ्रेंस रूम, बोर्ड रूम, शोध एवं अध्ययन सुविधाएं, क्रिकेट मैदान, बैडमिंटन कोर्ट तथा लॉन टेनिस कोर्ट जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की भी सुविधा होगी।

यह भी पढ़ेंः    गोंडा के बाग में मिला 17 वर्षीय किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस