राजस्थान के बालोतरा जिले के कीटनोद क्षेत्र में सड़

बालोतरा में सड़क किनारे लावारिस मिला नवजात, ग्रामीणों ने बचाई जान

New Born Found Abandoned Roadside

बालोतरा: राजस्थान में बालोतरा जिले के कीटनोद क्षेत्र में रविवार रात एक नवजात शिशु सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, कुंपावास मार्ग पर रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे नवजात के रोने की आवाज सुनी। 

ग्रामीणों ने नवजात को पहुंचाया सीएचसी 

मौके पर पहुंचकर देखा तो एक अज्ञात नवजात शिशु पड़ा हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत नवजात को सुरक्षित कीटनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना के बाद एंबुलेंस से संपर्क किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीण खुद नवजात को अस्पताल लेकर पहुंचे। नवजात के मिलने की खबर फैलते ही कीटनोद सीएचसी के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। 

पुलिस कर रही जांच

चिकित्सकों द्वारा नवजात का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। फिलहाल शिशु की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लग गई है। नवजात को सड़क किनारे छोड़ने वाले व्यक्ति या महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- बिहार: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर यात्री ट्रेन के इंजन में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित