हावड़ा और राजगीर के बीच नई स्पेशल ट्रेन शुरू होने

हावड़ा–राजगीर के बीच नई स्पेशल ट्रेन शुरू, लखीसराय समेत कई जिलों के यात्रियों को राहत

New Howrah-Rajgir Special Train to Start From August 10, Bringing Relief to Rail Passengers

पीरीबाजार/लखीसराय (बिहार)। हावड़ा और राजगीर के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे ने यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए हावड़ा–राजगीर–हावड़ा के बीच नई स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित अधिसूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 03029/03030 हावड़ा–राजगीर–हावड़ा स्पेशल (TOD) का परिचालन 10 अगस्त 2026 से 9 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी और भागलपुर, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ तथा नालंदा सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

हावड़ा और राजगीर के बीच नई ट्रेन चलाने की मांग

जानकारी के अनुसार, पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने मंगलवार को दिल भवन में रेलवे बोर्ड के सदस्य (यातायात एवं व्यवसायिक विकास) डॉ. मनोज कुमार सिंह से मुलाकात कर हावड़ा और राजगीर के बीच नई ट्रेन चलाने की मांग रखी थी। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया है।

प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार चलेगी ट्रेन

रेलवे के प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार 03029 हावड़ा–राजगीर स्पेशल प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को रात 10:50 बजे हावड़ा से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 8:02 बजे अभयपुर, 9:20 बजे किऊल जंक्शन पहुंचेगी और दोपहर 12:55 बजे राजगीर पहुंचेगी।

राजगीर–हावड़ा स्पेशल मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी

वहीं, 03030 राजगीर–हावड़ा स्पेशल प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:00 बजे राजगीर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शाम 5:20 बजे किऊल, 5:56 बजे अभयपुर, 6:10 बजे जमालपुर और 7:45 बजे भागलपुर पहुंचते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन 18 कोचों के रैक के साथ किया जाएगा, जिसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। इससे यात्रियों को पर्याप्त सीटें उपलब्ध होने की उम्मीद है।

अभयपुर और किऊल स्टेशन पर सबसे अधिक लाभ

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से लखीसराय, जमालपुर, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को कोलकाता, बिहारशरीफ, नालंदा और राजगीर के लिए एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से अभयपुर और किऊल स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से जल्द ही अंतिम अधिसूचना जारी होने के साथ आरक्षण संबंधी विस्तृत जानकारी भी सार्वजनिक किए जाने की संभावना है। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, हाइड्रा की टक्कर से 22 वर्षीय किसान की मौत