UP News : उत्तर प्रदेश में राजस्व लेखपाल भर्ती में

यूपी में लेखपाल भर्ती के लिए नई अधिसूचना जारी

यूपी में लेखपाल भर्ती के लिए नई अधिसूचना जारी

UP News : उत्तर प्रदेश में राजस्व लेखपाल भर्ती में ओबीसी और एससी, एसटी आरक्षण में संशोधन के बाद उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने संशोधित रोस्टर जारी कर दिया है। संशोधित रोस्टर में OBC के 717 पद बढ़े हैं, जबकि सामान्य वर्ग 905 पद कम हो गये हैं।

उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य में राजस्व लेखपाल के 7994 पदों पर होने वाली भर्ती के आरक्षण रोस्टर में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। आयोग ने संशोधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें सामान्य वर्ग के पदों में बड़ी कटौती की गई है, जबकि OBC, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के आरक्षित पदों में बढ़ोतरी कर दी गई है। अब इन पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 दिसंबर 2025 से शुरू हो रहे हैं।

मालूम हो कि पिछले दिनों लेखपाल भर्ती को लेकर जारी आयोग के विज्ञापन में आरक्षण का नियम पालन नहीं किये जाने का समाजवादी पार्टी, योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर और पिछड़ा वर्ग (OBC) के नेताओं ने वाला है आरोप लगाते हुए इसे संशोधित करने की मांग की थी।

UPSSSC द्वारा आरक्षण संशोधन के बाद जारी नोटिफिकेशन में रिक्त पदों की भर्ती के लिए विभिन्न जातियों की संख्या में बड़ा बदलाव आया है। नये नोटिफिकेशन में सामान्य वर्ग के लिए 3260 पद (पहले 4165 थे, यानी 905 पद कम), अनुसूचित जाति के लिए 1679 पद (पहले 1426 थे, यानी 253 पद बढ़े), अनुसूचित जनजाति के लिए 160 पद (पहले 150 थे, यानी 10 पद बढ़े), अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 2158 पद (पहले 1441 थे, यानी 717 पद बढ़े) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 792 पद (बिना किसी बदलाव के) आरक्षित किये गये हैं। कुल पदों की संख्या 7994 ही बनी हुई है।

दरअसल, UPSSSC ने 16 दिसंबर को भर्ती का पहला विज्ञापन जारी किया था, जिसमें OBC को केवल 1441 पद दिए गए थे। इसे 27 प्रतिशत आरक्षण का उल्लंघन मानते हुए OBC संगठनों ने तीव्र विरोध किया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सरकार पर पिछड़ा विरोधी होने का आरोप लगाया। मामला गरमाने पर आयोग ने विज्ञापन वापस ले लिया और राजस्व विभाग के निर्देश पर आरक्षण रोस्टर में संशोधन किया गया। आयोग ने OBC को पूरा 27 प्रतिशत आरक्षण दिये जाने का दावा किया है।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/electricity-consumers-of-up-got-new-year-gift/102900