मैहर के अमरपाटन क्षेत्र में शादी के तीन महीने बाद

मैहर में शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव

Newly Married Woman Found Dead Three Months After Marriage in Maihar

मैहर (मध्य प्रदेश)। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धमना गांव में शादी के महज तीन महीने बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव घर के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शव फंदे से लटका मिला

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी विश्वकर्मा (22) के रूप में हुई है। वह उचेहरा थाना क्षेत्र के ग्राम अतरवेदिया की रहने वाली थीं। उनका विवाह 5 मई 2026 को अमरपाटन निवासी अनित विश्वकर्मा से हुआ था। शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर काम करने गए थे और लक्ष्मी घर में अकेली थीं। दोपहर बाद जब परिजन लौटे तो कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से कोई सुसाइड नोट मिला: पुलिस 

शुक्रवार देर शाम होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है। मृतका के मायके और ससुराल पक्ष सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

यह भी पढ़ें:   सिंगरौली के जंगल में किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी