सुपौल में नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, इलाज के दौरान 21 वर्षीय दामिनी की मौत
सुपौल (बिहार)। सुपौल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रतनपुर थाना क्षेत्र के लालमनपट्टी गांव के समीप सुपौल उपशाखा नहर पर एक युवक ने कथित तौर पर अपनी नवविवाहिता पत्नी के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी 21 वर्षीय दामिनी कुमारी अपनी जान बचाने के लिए आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक दौड़ती रही। गंभीर रूप से झुलसी दामिनी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मोबाइल पर बातचीत से शुरू हुआ प्रेम संबंध
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार भपटियाही थाना क्षेत्र के लौकहा वार्ड नंबर तीन निवासी कीनू साह के पुत्र संजीव साह पर पत्नी को सुनसान जगह पर ले जाकर आग लगाने का आरोप है। दामिनी मुजफ्फरपुर जिले के गरौल की रहने वाली थी। उसने इलाज के दौरान बताया था कि करीब नौ महीने पहले मोबाइल फोन पर उसकी बातचीत संजीव से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया और बाद में उन्होंने पहले मंदिर में शादी की तथा फिर कोर्ट मैरिज कर ली।
नैहर जाने के लिए बुलाया
दामिनी के अनुसार, वह एक बार अपने ससुराल भी आई थी। दामिनी ने अस्पताल में बताया कि उसका पति उसे नैहर जाने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह पहले भपटियाही पहुंची, जहां संजीव मोटरसाइकिल से उसे लेने आया। आरोप है कि संजीव उसे घुमाते हुए लालमनपट्टी गांव के समीप सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। दामिनी ने बताया कि जब उसके शरीर पर तरल पदार्थ डाला जा रहा था, तब उसे लगा कि पानी डाला जा रहा है। देखते ही देखते उसके शरीर में आग लग गई। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और अन्य सामान लेकर वहां से भाग गया।
पति ने किया आत्मसमर्पण
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही और रतनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका के ससुर कीनू साह को हिरासत में लिया। भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि आरोपी पति संजीव साह ने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर रतनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी के नमो घाट पर एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026 में शामिल हुए पीएम मोदी