थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मल्लूपुरा में रहने वाले

नीलगाय बनी काल, पांच दिन में उजड़ गया पूरा परिवार; हादसे में पिता समेत दो बेटों की मौत

Nilgai Turns Fatal, Father and Two Sons Die in 5 Days

मुजफ्फरनगर {उत्तर प्रदेश}: थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मल्लूपुरा में रहने वाले एक गरीब परिवार पर नीलगाय से हुआ सड़क हादसा कहर बनकर टूटा। महज पांच दिनों के भीतर परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। 29 अगस्त को करीब 80 वर्षीय अशफाक अपने दोनों बेटों मोहम्मद नाहिद और मोहम्मद साजिद के साथ स्कूटी से चरथावल दवाई लेने निकले थे।

अचानक सड़क पर आ गई नीलगाय

बताया गया कि दधेडू के पास रजवाहे की पुलिया पर अचानक जंगल की ओर से नीलगाय सड़क पर आ गई। स्कूटी की नीलगाय से टक्कर हो गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 30 अगस्त को साजिद की मौत हो गई। इसके बाद 1 सितंबर को नाहिद ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, जिंदगी और मौत से जूझ रहे बुजुर्ग अशफाक की 2 सितंबर की रात मौत हो गई।

पांच दिन में परिवार के तीन सहारे छिने

एक साथ परिवार के तीन सहारों के चले जाने से घर में मातम के साथ आर्थिक संकट भी गहरा गया है। नाहिद अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जिनमें सबसे छोटी बेटी महज डेढ़ साल की है। सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। स्थानीय सभासद ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: मैहर में भीषण सड़क हादसा; खड़े बल्कर में घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत, 5 घायल