ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत, चालक-परिचालक हिरासत में

Nine passengers killed in bus fire on Yamuna Expressway in Greater Noida

ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग की चपेट में आई बस के चालक और परिचालक ने जलने की गंध को नजरअंदाज किया और यात्रियों की बार-बार चेतावनी के बावजूद बस रोकने से इनकार कर दिया। एक यात्री की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, जलने की गंध आने पर यात्रियों ने शोर मचाया और चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन चालक और परिचालक ने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार करते हुए कहा कि अगर मरना है तो मर जाओ, हम बस नहीं रोकेंगे। बुधवार देर रात दिल्ली से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही एक बस में ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई।

यात्री की शिकायत और लापरवाही के आरोप

हमीरपुर जिले के निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर जेवर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि वह बुधवार रात करीब नौ बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रैवल्स की बस में सवार हुए थे और बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। शिकायत के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे बस यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी यात्रियों को चालक के केबिन से जलने की गंध आने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चेतावनी दिए जाने के बावजूद चालक ने गंध को सामान्य बताकर नजरअंदाज कर दिया और चालक व परिचालक केबिन में बीड़ी-सिगरेट पीते रहे, जिसके कुछ देर बाद ही चालक की सीट के पास आग की लपटें उठने लगीं।

पुलिस कार्रवाई और अस्पताल में घायलों का इलाज

शिकायत में कहा गया है कि जब तक बस रुकी, तब तक आग फैल चुकी थी और वाहन धुएं से भर गया था। कुमार ने बताया कि वह और कई अन्य यात्री किसी तरह बस से कूदकर बाहर निकले, जबकि कुछ लोग अंदर फंसे रह गए। कई यात्री झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए जेवर के कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहाँ नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में आग और दम घुटने के कारण नौ यात्रियों की मौत हुई है और बस के चालक व परिचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:   उप्र : एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट