भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जयपुर के दादिया में 'स

राहुल के सवाल पर नितिन नवीन का पलटवार, बोले- जनता के भरोसे से सत्ता में वापसी

जनता के भरोसे से भाजपा को 25 साल सेवा का विश्वास

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक बयान का जवाब देते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा नेताओं में लगातार सत्ता में बने रहने का विश्वास जनता की सेवा, उसका भरोसा जीतने से आता है। नवीन ने यहां दादिया में 'सेवा संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश विकसित भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है।

जनता के भरोसे से 25 साल का विश्वास

नवीन ने राहुल गांधी के बृहस्पतिवार के संवाददाता सम्मेलन की ओर इशारा किया, जिसमें गांधी ने सवाल किया था कि भाजपा नेता यह कैसे कह सकते हैं कि पार्टी दशकों तक सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने कहा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूछ रहे थे कि क्यों भाजपा की सरकारें लगातार आती हैं। भाजपा के नेता क्यों कहते हैं कि हम अगले 25 साल तक जनता की सेवा करेंगे? मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ये विश्वास जनता की सेवा से आता है, ये विश्वास जनता के भरोसे को जीतने से आता है और जनता के लिए काम करने से आता है। राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि एक ओर जहां कांग्रेस और क्षेत्रीय पार्टियों को सत्ता-विरोधी लहर का सामना करना पड़ता है तो दूसरी ओर भाजपा के मामले में यह 'गायब' हो जाती है। 

कल्याणकारी योजनाओं से बढ़ा भाजपा पर जनता का भरोसा

उन्होंने यह भी सवाल किया कि भाजपा के नेता दशकों तक सत्ता में बने रहने के दावे कैसे कर सकते हैं। नवीन ने कहा कि भाजपा का यह विश्वास कल्याणकारी उपायों और नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा लोगों के जीवन में लाए गए बदलावों पर आधारित है। उन्होंने कहा, जब गरीबों के लिए चार करोड़ से अधिक घर बनाए जाते हैं तो उनकी दुआएं हमें वोटों के रूप में मिलती हैं। जब 12 करोड़ गरीब महिलाओं के लिए शौचालय बनाए जाते हैं और वे सम्मान के साथ जी पाती हैं, तो उनकी दुआएं हमें वोट के रूप में मिलती हैं। नवीन ने कहा, आज जनता को पीएम आवास, जनधन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन का लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि जनता का भरोसा भाजपा पर है, क्योंकि भाजपा जनसेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र पर काम करती है।

भाजपा का ध्येय सत्ता नहीं, जनसेवा और विकसित भारत

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, आज देश विकसित भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। भाजपा का नेतृत्व, कार्यकर्ता और संगठन इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है, क्योंकि हमारा ध्येय है राष्ट्र प्रथम। उन्होंने कहा, हम केवल सत्ता के लिए नहीं है। हम केवल सरकार बनाने के लिए नहीं है। हम केवल अपनी जीत नहीं देखते। हमारा स्पष्ट ध्येय जनसेवा है। दादिया में 'सेवा संकल्प सभा' कार्यक्रम भारतीय जनसंघ के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित किया गया था। 

जनता का भरोसा भाजपा के साथ: भजनलाल

इसमें हालिया नगर निकाय चुनावों में निर्वाचित भाजपा पार्षद भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के विजन पर काम कर रही है। शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस लगातार सिमट रही है, क्योंकि लोगों का भरोसा अब भाजपा पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा राज्य में आगामी पंचायती राज चुनावों में भी 'ऐतिहासिक जीत' दर्ज करेगी।

ये भी पढ़ें- बहराइच में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार