पक्की सड़क नहीं, चारपाई पर शव ले जाने को मजबूर हुए ग्रामीण
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के तमाम विकास के दावों के बीच सिंगरौली से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो व्यवस्था को शर्मसार करती है। जनपद पंचायत देवसर के अंतर्गत आने वाले ग्राम महुआ से एक व्यथित करने वाला वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में गांव में पक्की सड़क न होने के कारण ग्रामीण एक शव को चारपाई (खाट) पर लादकर ले जाने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं।
मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए भी रास्ता नसीब नहीं
यह मामला महुआ गांव का है, जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव इस कदर है कि किसी की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए भी रास्ता नसीब नहीं है। कच्चा और बदहाल रास्ता होने के कारण एम्बुलेंस या अन्य कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों को शव को कंधों पर चारपाई पर रखकर कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। वायरल वीडियो में ग्रामीण अपना दर्द बयां करते हुए कह रहे हैं कि वर्षों से वे सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली।
प्रशासनिक व्यवस्था के दावों पर गंभीर सवाल
इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चुनावी समय में नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन हकीकत में विकास सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया है। आए दिन मरीजों और बुजुर्गों को भी इसी तरह चारपाई पर ले जाना पड़ता है, लेकिन अब शव को इस तरह ले जाने से ग्रामीणों का सब्र टूट चुका है।
गांव में जल्द से जल्द पक्की सड़क के निर्माण की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से महुआ गांव में जल्द से जल्द पक्की सड़क के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं शुरू कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे ताकि भविष्य में किसी को ऐसी अमानवीय स्थिति का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ेंः सात महीने से सड़क किनारे कूड़े का अंबार, ग्रामीणों का प्रदर्शन