नोएडा हिंसा में पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, फर्जी ट्वीट से भड़का था बवाल
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसात्मक घटनाओं में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पुलिस को इसके पुख्ता साक्ष्य भी मिले हैं।
पाकिस्तान से चल रहे थे फर्जी सोशल मीडिया हैंडल
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि श्रमिक आंदोलन के दौरान कुछ अवांछनीय तत्व पाकिस्तानी एजेंडा पूरा कर रहे थे। विरोध को भटकाने के लिए दो सोशल मीडिया अकाउंट लगातार पाकिस्तान से सक्रिय थे, जिससे 13 अप्रैल को भड़का बवाल हिंसा में बदल गया।
हिंसा के बाद फैलाई गई झूठी अफवाहें
लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को भीड़ ने बवाल किया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया था। लेकिन दोपहर में बवाल शांत होने के बाद सोशल मीडिया के जरिए झूठा नरेटिव फैलाया गया। पुलिस फायरिंग में मजदूरों की मौत की अफवाह फैलाई गई, जिससे लौट रहे श्रमिक फिर भड़क उठे और स्थिति दोबारा तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस कार्रवाई: 62 गिरफ्तार, 13 केस दर्ज
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में 3 मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान की गई है। इनमें से 2 आरोपियों—रुपेश रॉय और मनीषा चौहान—को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक कुल 13 मामले दर्ज किए गए हैं और 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया पाकिस्तान कनेक्शन
जांच के दौरान एक्स (सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म) से मिली जानकारी में खुलासा हुआ कि दोनों संदिग्ध हैंडल पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे थे। इनकी इंटरनेट कनेक्टिविटी और आईपी एड्रेस पाकिस्तान के पाए गए हैं। साथ ही, वीपीएन के उपयोग की भी पुष्टि हुई है। मामले की जांच अभी जारी है।
स्थिति सामान्य, श्रमिक लौटे काम पर
पिछले दो दिनों से नोएडा में शांति बनी हुई है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। सभी इंडस्ट्रियल यूनिटों में श्रमिक एक से तीन शिफ्टों में सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
सरकार के फैसलों से श्रमिकों में संतोष
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन में वृद्धि और वेज बोर्ड के गठन के फैसले से श्रमिकों में संतोष का माहौल है। इन कदमों के बाद श्रमिक खुशी-खुशी काम पर लौट आए हैं।
लोगों से अपील: अफवाहों से बचें
लक्ष्मी सिंह ने आम जनता और श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी के उकसावे में न आएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और जिले की शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
यह भी पढ़े: राज्यपाल का सवाल: आदिवासी बच्चे केवल नृत्य तक?
https://www.primenewsnetwork.in/state/governor-questions-are-tribal-children-only-for-dance/175040