नोएडा के सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में गुरु

नोएडा के सेक्टर-94 में दर्दनाक हादसा: स्पायरा बिल्डिंग की बालकनी से कूदकर युवक ने दी जान, मोबाइल चैट से बड़ा खुलासा

Manisha Singh, ADCP Noida

नोएडा (उत्तर प्रदेश)। नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार को एक युवक ने बालकनी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संभव जैन (पुत्र विनय कुमार जैन) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के गुरुग्राम स्थित आईएमटी मानेसर का रहने वाला था और इस बिल्डिंग में एक दिन के लिए अकेले ठहरने आया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्पायरा बिल्डिंग में उठाया खौफनाक कदम

पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-126 पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि युवक ने कमरे की बालकनी की रेलिंग से लटकने के बाद नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि संभव पिछले करीब चार दिनों से अपने घर से बाहर था और लगातार अलग-अलग जगहों पर घूम रहा था। इसके बाद वह नोएडा पहुंचा और सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में कमरा लेकर ठहरा था।

मोबाइल चैट में कर्ज और तनाव का जिक्र

पुलिस जांच के दौरान मृतक के मोबाइल फोन से बेहद अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके मोबाइल में पिता के साथ हुई बातचीत की चैट मिली है। इस चैट में संभव ने अपने ऊपर कर्ज होने की बात कही थी और आत्महत्या जैसा कदम उठाने का जिक्र किया था। हालांकि, पिता ने उसे समझाते हुए ऐसा कोई भी कदम न उठाने की नसीहत दी थी। पुलिस इस चैट और उससे जुड़े पूरे घटनाक्रम की प्रामाणिकता की गहराई से जांच कर रही है।

एफएसएल टीम और पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, दोनों चालकों की दर्दनाक मौत