सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ के शातिर गौकश गिरफ्तार, जिंदा गोवंश और हथियार बरामद
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराध और गौकशी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से जिंदा गोवंश, अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं।
बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, चौकी प्रभारी शेखपुरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टपरी खुर्द के जंगल में दो व्यक्ति गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गन्ने के खेत के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आकिल पुत्र शकील निवासी बड़तला चौक, शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
अवैध हथियार और गौकशी उपकरण के साथ आरोपी गिरफ्तार, एक गोवंश बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, कुल्हाड़ी, दाव, दो छुरे, लकड़ी का गुटका, रस्सी समेत गौकशी के उपकरण तथा एक जिंदा गोवंश बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हिस्ट्रीशीटर आकिल पर गौकशी, चोरी और हत्या प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आकिल एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ गौकशी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में पुलिस ने 24 घंटे में 165 लीटर शराब किया बरामद, 49 गिरफ्तार