लखनऊ विधानसभा कूच के दौरान NSUI और यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ विधानसभा कूच के दौरान NSUI जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया एवं यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में NSUI एवं यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होने के लिए रवाना हुए। प्रशासन द्वारा NSUI जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया को उनके घर पर ही रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कार्यकर्ताओं के साथ होली गेट तक पहुंचने में सफल रहे।
हिरासत में लिए गए कई नेता और कार्यकर्ता
आंदोलन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनाम धन्य तिवारी, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया सहित कई एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।
नेताओं ने बताया लोकतांत्रिक अधिकार
गिरफ्तारी के समय यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनाम धन्य तिवारी, जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल तथा अन्य युवा पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात विधानसभा तक पहुंचाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। वहीं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया एवं अन्य छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र हितों की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।
संघर्ष जारी रखने का ऐलान
इस दौरान यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, नेताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक रोकना उचित नहीं है तथा छात्र-युवा हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: खैरागढ़ बस स्टैंड पर डीजल चोरों का धावा, 5 बसों से 300 लीटर डीजल पार