10 अक्टूबर का दिल्ली प्रदर्शन CJP का है, आम आदमी पार्टी का नहींः संजय सिंह
बलिया (उत्तर प्रदेश)। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि आगामी 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाला विरोध प्रदर्शन किसी एक दल का नहीं, बल्कि 'CJP' का है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दल पूरी मजबूती से शामिल होंगे।
लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई
बलिया के सिकंदरपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी के त्रयोदशाह (तेरहवीं) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद संजय सिंह ने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए ये बातें कहीं। संजय सिंह ने कहा कि CJP का यह प्रोटेस्ट देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए है। इससे पहले 2 तारीख को हुए प्रदर्शन में भी विपक्षी दल शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, "10 अक्टूबर को पूरे देश में इसको लेकर आंदोलन है, वोट चोरी रोकी जाए, SIR की प्रक्रिया रद्द हो, जिन राज्यों में घोटाले से चुनाव कराए गए हों वे चुनाव रद्द किए जाएं, चयन प्रक्रिया में मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया जाए और पूरे देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए।"
आंदोलन और राष्ट्रपति से मुलाकात पर प्रतिक्रिया
उन्होंने जोर देकर कहा कि 10 अक्टूबर का दिल्ली का प्रदर्शन पूरी तरह से CJP का है, आम आदमी पार्टी का नहीं। उन्होंने कहा, "यह हमारा प्रदर्शन नहीं है, बल्कि CJP का है। इसमें पिछली बार भी सपा, वामपंथी दल, BJD और हम सब शामिल हुए थे। इस बार भी CJP के इस प्रोटेस्ट में सभी लोग शामिल होंगे।" ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध चलाए जा रहे आंदोलन और राष्ट्रपति से मुलाकात के सवाल पर आप सांसद ने कहा कि देश के हर नागरिक और संगठन को अपने तरीके से आंदोलन करने का लोकतांत्रिक अधिकार है। वहीं, राष्ट्रपति से मिलने के समय को लेकर उन्होंने कहा कि यह तय करना राष्ट्रपति महोदय का काम है कि वे कब मुलाकात के लिए समय देते हैं।
यह भी पढ़ेंः भूपतवाला में IIT रुड़की का 50 लाख का ड्रोन लापता, कंट्रोल यूनिट से टूटा संपर्क; अत्याधुनिक ड्रोन लापता