लखनऊ में CM योगी का जनता दर्शन, सुनीं लोगों की शिकायतें; 'चलो स्कूल अभियान' को लेकर भी दिया संदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके आवेदनों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता की समस्याएं सुनीं
जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी लिखित शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक आवेदन का अवलोकन किया और अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। 'जनता दर्शन' मुख्यमंत्री का नियमित कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकते हैं। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
'चलो स्कूल अभियान' का दूसरा चरण 1 जुलाई से
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में 1 जुलाई से शुरू होने वाले 'चलो स्कूल अभियान' के दूसरे चरण को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलाई सिर्फ नए महीने की शुरुआत नहीं, बल्कि लाखों बच्चों के सपनों को साकार करने और उन्हें स्कूल से जोड़ने के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।
शिक्षकों और अभिभावकों से की अपील
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से कहा कि वे कक्षाओं को बच्चों के लिए अधिक रुचिकर बनाएं और खेलकूद जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दें, ताकि बच्चे स्कूल आने के लिए उत्साहित रहें। वहीं अभिभावकों से उन्होंने आग्रह किया कि वे बच्चों का मूल्यांकन केवल परीक्षा के अंकों से नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के आधार पर करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाएं।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: तालिबान का पाकिस्तान पर बड़ा आरोप, हवाई हमलों में 29 लोगों की मौत का दावा