किराये के बाकी पैसे मांगने पर ओला कैब चालक पर चाकू से हमला
इटावा (उत्तर प्रदेश)। नोएडा से इटावा सवारी लेकर आ रहे ओला कैब चालक पर किराये के बाकी रुपये मांगना भारी पड़ गया। कार में सवार दो युवकों ने कथित रूप से चालक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। चालक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों से भिड़ंत की तो कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई। इसी दौरान पुलिस वाहन का सायरन सुनकर दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
रात करीब 11:30 बजे की घटना
घटना रात करीब 11:30 बजे जसवंतनगर थाना क्षेत्र में खेड़ा धौलपुर ओवरब्रिज के ऊपर की बताई गई है। घायल चालक की पहचान 30 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र राकेश कुमार निवासी रामगंज, पोस्ट जावपुर, थाना घिरोर, मैनपुरी के रूप में हुई है।
रकम इटावा पहुंचकर देने की बात कही
पुष्पेंद्र ग्रेटर नोएडा से इटावा आईटीआई चौराहे के लिए ओला कैब लेकर आ रहे थे। फूलरई के पास पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद चालक ने युवकों से किराये की शेष रकम मांगी। आरोप है कि युवकों ने 1500 रुपये देने और बाकी रकम इटावा पहुंचकर देने की बात कही। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों ने चालक पर चाकू से हमला कर दिया।
कार के अंदर ही हाथापाई शुरू
चालक ने विरोध किया तो कार के अंदर ही हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान चाकू गर्दन के दाहिने हिस्से में लगने से वह घायल हो गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस सायरन सुनते ही दोनों युवक भाग निकले। पुलिस ने घायल चालक को एंबुलेंस से सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया। चालक के गर्दन और हाथ में चोटें आई हैं।
क्षतिग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार कब्जे में ले ली गई है। पेट्रोल पंप और हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः देशभर के शिव मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, काशी विश्वनाथ से मेरठ तक हुआ जलाभिषेक