प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी से ध

प्रतापगढ़ में रस्क कारोबारी से 92 हजार की ठगी, गोदाम से माल गायब करने वाला आरोपी गिरफ्तार

One arrested for fraud and seizing food items from trader, Bolero pickup seized

उत्तर प्रदेश (प्रतापगढ़)। प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज के फाफामऊ के एक व्यापारी के साथ धोखाधड़ी कर रस्क और अन्य खाद्य सामग्री हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 30 अक्टूबर की है। प्रयागराज के फाफामऊ निवासी व्यापारी जीविजो इंडस्ट्रीज के नाम से टोस्ट और रस्क का उत्पादन करने का कार्य करते हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप को भी सीज कर दिया गया है।

फर्जी पहचान बताकर मोबाइल पर दिया गया था ऑर्डर

आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को अठेहा बाजार निवासी राकेश जायसवाल बताते हुए मोबाइल फोन के जरिए 92 हजार 260 रुपये की खाद्य सामग्री का ऑर्डर दिया था। इसके बाद व्यापारी ने 400 पेटी छोटा रस्क, 116 पेटी बड़ा रस्क, 10 पेटी खारी और तीन बोरी फ्राइम भेज दी थी। जब माल गंतव्य पर पहुंचा, तो उस समय केवल 2,260 रुपये नकद दिए गए और शेष 90 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बाद में गोदाम पहुंचने पर पूरा माल गायब मिला।

उदयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने की गिरफ्तारी

इस संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर उदयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दीपनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम खानीपुर से जंत्री सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम आए सामने

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर और बोलेरो पिकअप से 401 गत्ता रस्क, एक बोरी नूडल स्टिक और एक बोरी टोमैटो कचौरी सामग्री बरामद की गई है। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने विपिन पाण्डेय और नितिन पाण्डेय के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने ही व्यापारी को फोन करके माल मंगवाया था और बिना भुगतान किए उसे हड़पने की साजिश रची थी। विवेचना के दौरान दोनों के नाम प्रकाश में आए हैं और पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें:   बाजार से घर लौट रही 15 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी की कोशिश, विरोध करने पर मारपीट का आरोप