रायबरेली में सावन पर बड़ा हादसा: जलाभिषेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा पलटा, एक की मौत
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। कुंभी कनौजा गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल एक युवक की जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 और एंबुलेंस सहायता पहुंची
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के श्रद्धालु सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालय में जलाभिषेक व दर्शन-पूजन करने के बाद ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा शिवगढ़-बछरावां मार्ग पर कुंभी कनौजा गांव के समीप पहुंचा, सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में हादसा हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 और एंबुलेंस सहायता पहुंची. सभी नौ घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में भर्ती कराया गया।
तीन श्रद्धालुओं की स्थिति नाजुक
ईएमओ डॉ. अनमुल सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के दौरान तीन श्रद्धालुओं की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय घायल भोलेन्द्र की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों-रौनक और अंकित-का इलाज जारी है. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच पड़ताल चल रही है।
यह भी पढ़ें: बहराइच में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पति गंभीर घायल