रीवा-सिरमौर मार्ग पर बोलेरो और ऑटो की सीधी टक्कर म

रीवा-सिरमौर मार्ग पर बोलेरो और ऑटो की सीधी भिड़ंत, 1 की मौत, 4 की हालत गंभीर

One killed in head-on collision between Bolero and auto on Rewa-Sirmaur road

रीवा,(मध्यप्रदेश)। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़व के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ रीवा-सिरमौर मुख्य मार्ग पर एक बोलेरो और यात्रियों से भरी ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जवा से रीवा आ रही थी यात्रियों से भरी ऑटो

घटना के संबंध में बैकुंठपुर थाना प्रभारी शंगेश राजपूत ने बताया, कि ऑटो जवा थाना क्षेत्र के जनकहाई से सवारियां लेकर रीवा की ओर आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो जीप से माड़व के समीप उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी, कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

घायलों और मृतक की पहचान की कोशिश जारी

थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया की एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी है। फिलहाल सभी घायलों और मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है।

बोलेरो जीप और उसका चालक हिरासत में

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ट्रैफिक बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पहुंची बैकुंठपुर थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली बोलेरो जीप और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।

यह भी पढ़ेंः कोचिंग से लौट रहीं दो छात्राओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत