सनकोटा बायपास पर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, सड़क पर बिखरीं सैकड़ों बोरियां
शाजापुर {मध्यप्रदेश}: सनकोटा बायपास पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे प्याज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घाटी उतरते समय निर्माणाधीन सड़क पर पड़े पत्थर से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में भरी प्याज की बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
शाजापुर मंडी जा रहे थे किसान
जानकारी के अनुसार, महादेव गोठी और संग्राम गोठी निवासी ग्राम सामगी कनार्दी ट्रैक्टर-ट्रॉली में प्याज भरकर शाजापुर मंडी बेचने के लिए आ रहे थे। हादसे के समय दोनों ट्रैक्टर पर ही सवार थे। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे में नहीं हुई जनहानि
इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ट्रॉली पलटने से सड़क पर प्याज की सैकड़ों बोरियां बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
डायल-112 टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही लालघाटी डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक जितेंद्र मालवीय और पायलट कमलेश ने तत्काल यातायात को व्यवस्थित कराया और दुर्घटनास्थल को सुरक्षित किया।
यातायात हुआ सामान्य
इसके बाद सड़क पर बिखरी प्याज की बोरियों को हटाने की व्यवस्था की गई, जिससे मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहन को हटवाया और यातायात पूरी तरह बहाल कराया।
यह भी पढ़े: गौला पुल से नदी में कूदे 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद, ड्राइंग का सामान लेने की बात कहकर निकला था घर से