मोतिहारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अ

झारखंड से बिहार तक फैले अफीम तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 10.540 किलोग्राम मादक पदार्थ के साथ 4 गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर

मोतिहारी (बिहार): मोतिहारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 10.540 किलोग्राम अफीम जैसे मादक पदार्थ के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की खेप झारखंड से बिहार लाई जा रही थी।

कार से की जा रही थी तस्करी 

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डुमरियाघाट थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अर्टिगा कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर रामपुर खजुरिया के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।

मौके से तीन तस्कर गिरफ्तार

जांच के दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में टेप से लिपटे नौ पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 10.540 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ पाया गया। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार तस्करों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के चतरा और गया जिले के रहने वाले सारजन कुमार यादव, मुन्ना कुमार यादव और अर्जुन कुमार साव के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज थाना क्षेत्र निवासी एक अन्य आरोपी जितेंद्र सहनी को भी गिरफ्तार किया गया।

कार के साथ मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।