बर्थडे पार्टी से लौट रही आर्केस्ट्रा डांसर से किया गया दुष्कर्म
सारण: मशरक-तरैया मुख्य मार्ग पर एक आर्केस्ट्रा डांसर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शनिवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, वह एक बर्थ-डे पार्टी में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम करने के बाद स्कूटी से वापस लौट रही थी। इसी दौरान सुनसान जगह पर स्कूटी चालक ने उसे रोककर डराने-धमकाने के बाद उसके साथ कथित रूप से जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को मशरक-तरैया मुख्य मार्ग पर छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता ने अपनी साथियों से किया संपर्क
इसके बाद पीड़िता ने कार्यक्रम से लौट रही अपनी दो अन्य साथियों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। साथ ही आर्केस्ट्रा संचालक को भी मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर आर्केस्ट्रा संचालक अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता को इलाज के लिए अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की जानकारी अमनौर थाना पुलिस को भी दी गई।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किया बयान
अमनौर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया। अमनौर पुलिस ने बताया कि मामला तरैया थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इसके बाद मामले की जानकारी तरैया थाना पुलिस को दी गई और आगे की कार्रवाई के लिए मामला संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- योगी सरकार का रसोइयों को बड़ा तोहफा, ₹2 लाख दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच का एमओयू