बेकाबू ट्रेलर का तांडव! 10 मवेशियों को रौंदा; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,(छत्तीसगढ)। जिले के कोटमी-मरवाही मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रूमगा गांव के पास एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर बैठे और सड़क पार कर रहे करीब 10 मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि कई मवेशियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से मरवाही की ओर जा रहा था। रूमगा के समीप सड़क पर बैठे एवं पार कर रहे मवेशियों को चालक संभाल नहीं सका और वाहन सीधे उनको टक्कर मार दिया, तो कई मवेशियों को चपेट में ले लिया, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
गति नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं
ग्रामीणों का कहना है, कि कोटमी-मरवाही और कोटमी-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन मार्गों से चौबीसों घंटे भारी वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन गति नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है, कि यातायात, पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा हादसे के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।