लखनऊ में डिप्टी CM बृजेश पाठक के आवास के बाहर जुटे 200 से ज्यादा अभ्यर्थी, नियुक्ति की मांग
लखनऊ, {उत्तर प्रदेश}: लखनऊ की राजभवन कॉलोनी स्थित डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास के सामने मंगलवार को 200 से ज्यादा युवा अभ्यर्थी अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर पहुंचे। अभ्यर्थी डिप्टी सीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने और नियुक्ति की मांग को लेकर बैनर-पोस्टर के साथ वहां जुटे हैं।
वन रक्षक भर्ती-2023 का मेडिकल रिजल्ट जारी करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों में वन रक्षक भर्ती-2023 के उम्मीदवार भी शामिल हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि 709 रिक्त पदों के लिए मेडिकल रिजल्ट जारी किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
लैब टेक्नीशियन भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों ने बताया कि यूपीएसएसएससी (UPSSSC) की ओर से लैब टेक्नीशियन के लिए 2016 में वैकेंसी आई थी। इसके बाद से नई भर्ती नहीं आई है। अभ्यर्थी अब लैब टेक्नीशियन के पदों पर नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों की ओर से 612 पदों पर एडीओ (ADO) भर्ती कराने की मांग भी की जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।
हटाए गए सुरक्षा गार्डों के समायोजन की मांग
स्वास्थ्य विभाग से हटाए गए सुरक्षा गार्डों के समायोजन की मांग को लेकर भी अभ्यर्थी डिप्टी सीएम के आवास के बाहर पहुंचे हैं। उनकी मांग है कि हटाए गए सुरक्षा गार्डों को दोबारा उसी विभाग में समायोजित किया जाए।
एलोपैथिक फार्मेसी और वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी भी पहुंचे
प्रदर्शन में यूपीएसएसएससी से जुड़े एलोपैथिक फार्मेसी के अभ्यर्थी और वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर पहुंचे हैं। सभी अभ्यर्थी बैनर और पोस्टर लेकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास के सामने अपनी मांगें उठा रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के साथ नियुक्ति से जुड़ी मांगों पर कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला